मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आईटी पार्क, देहरादून स्थित राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष से धराली-हर्षिल समेत राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंगलवार तक हर्षिल तक सड़क मार्ग बहाल कर दिया जाए।

7 दिन में नुकसान का आकलन
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के सचिवों को निर्देश दिए कि धराली क्षेत्र में निजी और सार्वजनिक संपत्तियों के नुकसान का आकलन 7 दिन में पूरा करें। आठ विभाग प्रारंभिक रिपोर्ट दे चुके हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को यह आकलन तैयार होते ही भारत सरकार को भेजने के निर्देश दिए।

तात्कालिक सहायता और मंदिर का पुनर्निर्माण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि धराली समेत सभी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तात्कालिक सहायता राशि शीघ्र वितरित की जाए और इस पर किसी प्रकार की नकारात्मकता न फैलाई जाए। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि आपदा में ध्वस्त हुए कल्प केदार देवता मंदिर का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
विस्थापन और आवश्यक सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि धराली के लोगों का बेहतरीन विस्थापन किया जाएगा और इसमें कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। जिलाधिकारी उत्तरकाशी को निर्देश दिए गए कि 108 बेघर परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखें और उनके रहने, भोजन, दवाइयों व आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
विशेषज्ञ टीम भेजने के निर्देश
धराली आपदा प्रभावित क्षेत्र के चैनलाइजेशन के लिए आईआईटी रुड़की, सीएसआरई और अन्य विशेषज्ञ एजेंसियों की जियोलॉजिस्ट टीम सोमवार सुबह ही भेजने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों से संवाद और आभार
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से धराली के ग्राम प्रधान और आपदा प्रभावितों से संवाद किया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के तीन दिन तक धराली में ठहरकर सहयोग देने, नुकसान के आकलन के लिए त्वरित समिति बनाने और मुआवजा वितरण आरंभ करने के लिए आभार जताया।
रक्षाबंधन पर भी डटे रहे राहतकर्मी
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर्व के दौरान भी अपने घरों से दूर रहकर सेवा देने वाले अधिकारियों, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, विभिन्न एजेंसियों और सेना के जवानों की सराहना की।
पौड़ी में राहत कार्य
मुख्यमंत्री ने पौड़ी की स्थिति की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने बताया कि जिले के 338 गांव आपदा प्रभावित हैं और अब तक ₹50.86 लाख का मुआवजा वितरित किया जा चुका है। राहत कार्य मिशन मोड पर चलाए जा रहे हैं। बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु सहित संबंधित विभागों के सचिव और जिला अधिकारी मौजूद रहे।
