मुख्य सेवक सदन, देहरादून में जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान लोगों से संवाद करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त शिकायतों और मांगों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और नियमित फीडबैक लिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम को प्रशासन को जनता के और करीब लाने का माध्यम बनाया जाना चाहिए।

“जन समस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सरकार की प्राथमिकता”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि जन समस्याओं का समाधान समयबद्ध और संतोषजनक तरीके से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत निवारण की प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुलभ बनाया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिले।
“रजत जयंती वर्ष, जनभागीदारी और संवाद का अवसर”
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य की रजत जयंती वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि जनभागीदारी और संवाद का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि जनता से प्राप्त सुझावों और मांगों को नीति निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाएगा, ताकि योजनाएं जमीनी स्तर पर और प्रभावी बन सकें।
जनता से रचनात्मक सुझावों का आह्वान
मुख्यमंत्री ने जनता से भी राज्यहित में रचनात्मक सुझाव देने और जनसेवा में सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की हर नीति और निर्णय का मुख्य उद्देश्य जनता का हित और प्रदेश का समग्र विकास है।
