CM धामी ने खटीमा में किया “साथी केंद्र” का शुभारंभ
खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए “साथी केंद्र” (Saathi Kendra) का उद्घाटन किया। यह केंद्र IIT कानपुर के सहयोग से हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता ही किसी भी राष्ट्र की मजबूती की नींव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू की गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 इसी दिशा में ऐतिहासिक पहल है।

“प्रोजेक्ट साथी” से लाखों छात्रों को लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रोजेक्ट साथी के तहत देशभर के विद्यार्थी अब IIT और IISc के प्रोफेसरों से ऑनलाइन कोचिंग और मेंटरिंग प्राप्त कर रहे हैं। इससे ग्रामीण और दूरदराज़ के छात्रों के लिए इंजीनियरिंग, मेडिकल, बैंकिंग व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आसान हो गई है। उन्होंने बताया कि अभी तक 15 लाख से अधिक छात्र प्रोजेक्ट साथी से लाभान्वित हो चुके हैं, जिनमें उत्तराखंड के करीब 29 हजार विद्यार्थी शामिल हैं।

खटीमा केंद्र की खासियत
खटीमा में शुरू हुए इस केंद्र के माध्यम से 80 छात्रों को ऑफलाइन कोचिंग और मार्गदर्शन की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार शिक्षा को आधुनिक बनाने, नए महाविद्यालय खोलने और शोध को प्रोत्साहन देने की दिशा में कार्य कर रही है।
