हरिद्वार में आयोजित ‘जन जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश विकास और सुशासन की नई गाथाएँ लिख रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने सभी राजनीतिक मिथकों को तोड़ते हुए भाजपा सरकार को प्रचंड बहुमत देकर दोबारा आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं, जिनसे भारत की एकता, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव को नई मजबूती मिली है।
धारा 370 हटाकर मजबूत हुआ ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार किया गया है।
उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) लागू कर वर्षों से उपेक्षित हिंदू शरणार्थियों को सम्मान और सुरक्षा का अधिकार दिया गया है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता सहित तीन नए कानूनों के माध्यम से देश की न्याय व्यवस्था को भारतीय मूल्यों और आत्मा के अनुरूप बनाया गया है।
आतंकवाद और नक्सलवाद पर लगा प्रभावी अंकुश
मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। जिन क्षेत्रों में पहले भय और अशांति का माहौल रहता था, वहां अब विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कश्मीर के लाल चौक पर कभी तिरंगा फहराना चुनौती माना जाता था, लेकिन आज वहां गर्व और सम्मान के साथ तिरंगा लहरा रहा है।
सनातन संस्कृति को मिल रहा वैश्विक सम्मान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति का गौरव विश्वभर में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक और बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण जैसे कार्य भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में आयोजित होने वाले आगामी कुंभ मेले के लिए केंद्र सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश में तेजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल और हवाई कनेक्टिविटी सहित सभी क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान राज्य में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए, जिनमें से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं।
पर्यटन, खेल और वैश्विक आयोजनों में बढ़ी पहचान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में पहली बार G-20 जैसे वैश्विक सम्मेलन आयोजित किए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीतकर राज्य को पदक तालिका में सातवां स्थान दिलाया।
उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन को वर्षभर बढ़ावा देने के लिए शीतकालीन यात्रा (विंटर चारधाम यात्रा) शुरू की गई है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिली है।
अर्थव्यवस्था और स्टार्टअप में तेजी
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
- राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
- प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
- राज्य बजट का आकार 60 हजार करोड़ से बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर लगभग 1700 हो गई है।
राष्ट्रीय सूचकांकों में उत्तराखंड को मिला सम्मान
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि नीति आयोग के सतत विकास सूचकांक 2023-24 में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
इसके अलावा राज्य को
- बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम
- बेस्ट विलेज और बेस्ट डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड
जैसे कई राष्ट्रीय सम्मान भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को नेशनल लॉजिस्टिक्स इंडेक्स, स्टेट स्टार्टअप इकोसिस्टम, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और स्टेट एनर्जी एंड ग्रीन इंडेक्स में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं।
UCC और भू-कानून पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में ऑपरेशन कालनेमी और सघन सत्यापन अभियान के जरिए घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही सख्त भू-कानून लागू कर पहाड़ी क्षेत्रों में जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त पर भी रोक लगाई गई है।
कार्यक्रम में ये नेता भी रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी, राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल सहित कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
