हल्द्वानी में आयोजित पूर्व अर्द्धसैनिक बल सम्मेलन में संबोधित करते सीएम पुष्कर सिंह धामी।
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल कैंप मुख्यालय हल्द्वानी में आयोजित पूर्व अर्द्धसैनिक बल सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अर्द्धसैनिक बलों के जवान देश की रीढ़, साहस और समर्पण का अद्भुत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से अरुणाचल तक हर मोर्चे पर अर्द्धसैनिक जवानों ने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए वीरता की मिसालें पेश की हैं।

वीरता पदक विजेताओं को 5 लाख रुपए की सम्मान राशि
सम्मेलन के दौरान सीएम धामी ने अर्द्धसैनिक बलों के कल्याण हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि:

- प्रेजिडेंट पुलिस मेडल-गैलेन्ट्री से सम्मानित जवान को 5 लाख रुपये की एकमुश्त अनुदान राशि दी जाएगी।
- पूर्व अर्द्धसैनिक और वीर नारियों, जिनके नाम खुद की कोई अचल संपत्ति नहीं है, को उत्तराखंड में संपत्ति खरीदने पर स्टाम्प शुल्क में 25% तक की छूट मिलेगी।
- अर्द्धसैनिक कल्याण परिषद सक्रिय रूप से क्रियाशील की जाएगी और पुलिस मुख्यालय में इसके लिए विशेष कार्यालय कक्ष आवंटित होगा।
- सैनिक कल्याण निदेशालय में उप निदेशक (अर्द्धसैनिक) तथा बड़े जिलों में सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के पद स्वीकृत किए जाएंगे।
- अर्द्धसैनिक बलों के बच्चों की शादी हेतु सैनिकों के समान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
- सीजीएचएस भवन निर्माण के लिए भूमि चयन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
“सैनिक कभी भूतपूर्व नहीं होता” – मुख्यमंत्री धामी
सीएम धामी ने कहा कि सैनिकों का जीवन और संघर्ष कभी समाप्त नहीं होता। उन्होंने कहा कि सैनिक कभी भूतपूर्व नहीं होता। वह जीवनभर सैनिक ही रहता है। मैं खुद सैनिक परिवार से आता हूँ और उनकी भावनाओं व चुनौतियों को भलीभांति समझता हूँ।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शहीदों के परिजनों के सम्मान हेतु अनुग्रह राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर चुकी है। अशोक चक्र, कीर्ति चक्र, शौर्य चक्र से सम्मानित वीरों की पुरस्कार राशि भी बढ़ाई गई है।
10 वीर बलिदानियों की स्मृति में नए स्मारक स्वीकृत
राज्य में शहीद स्मारक एवं शहीद द्वारों के निर्माण का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इस वर्ष 10 नए स्मारकों को स्वीकृति मिली है और शहीद परिवारों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजन की व्यवस्था भी लागू कर दी गई है।
आंतरिक सुरक्षा पर मजबूत कदम
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने:
- 10,000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि कब्जामुक्त कराई
- 550 से अधिक अवैध संरचनाएं ध्वस्त कीं
- समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी सख्त कानून, दंगा-रोधी कानून, भू-कानून लागू कर सामाजिक सुरक्षा को मजबूत किया
आत्मनिर्भर भारत की रक्षा शक्ति दुनिया के सामने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए सीएम धामी ने कहा कि भारत तेजी से रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बन रहा है और दुनिया को हथियार निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारतीय हथियारों की ताकत दिखा दी है।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित
कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, CRPF के डीआईजी शंकर दत्त पांडे, एवं बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
