गढ़ी कैंट के एक रेस्टोरेंट में गैस आपूर्ति की स्थिति का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रसोई गैस आपूर्ति की स्थिति का जायजा लेने के लिए गढ़ी कैंट क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर गैस की उपलब्धता और सप्लाई की स्थिति को करीब से समझा और रेस्टोरेंट संचालकों से सीधा संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने रेस्टोरेंट संचालक से गैस आपूर्ति की स्थिति के बारे में जानकारी ली। संचालक ने बताया कि सप्लाई में थोड़ी कमी जरूर आई है, लेकिन फिलहाल गैस मिल रही है और काम प्रभावित नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि गैस की खपत कम करने के लिए तंदूर का अधिक उपयोग किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मौजूदा समय में गैस का कोई बड़ा संकट नहीं है, लेकिन आने वाले समय में यदि जरूरत पड़ी तो सभी को मिलकर स्थिति का सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह COVID-19 महामारी के दौरान देशवासियों ने एकजुटता दिखाई थी, उसी तरह की भावना इस बार भी जरूरी हो सकती है।

सीएम धामी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार आम जनता और व्यापारियों को किसी भी स्थिति में परेशानी नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए कि गैस के विकल्प के तौर पर इंडक्शन, तंदूर और अन्य वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही उन्होंने होटल, रेस्टोरेंट संचालकों और आम लोगों से अपील की कि वे संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करें और जरूरत पड़ने पर संयम और धैर्य बनाए रखें।
