मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि धनतेरस भगवान धन्वंतरी की पूजा का पावन पर्व है, जो आरोग्यता और समृद्धि का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने दीपावली के अवसर पर कहा कि यह त्योहार केवल रोशनी, उत्साह और आनंद का ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रकाश का यह पर्व हमारे जीवन में धन, वैभव, यश और सम्पन्नता लेकर आए। सीएम धामी ने गोवर्धन पूजा को समाज और देश की आर्थिक व सांस्कृतिक संपदा के संरक्षण का प्रतीक बताया।
भैयादूज के अवसर पर उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और मातृ शक्ति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के आपसी प्रेम और समाज में महिला शक्ति के सम्मान को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘स्वदेशी अपनाओ देश बचाओ’ के संदेश को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को अपनाकर हम आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती दे सकते हैं। इससे स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, महिला समूहों और कुटीर उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक शिल्प, मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित सजावटी सामग्री, जैविक उत्पाद और पहाड़ी खाद्य पदार्थ देश-विदेश में पहचान बना रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों से अपने घरों को रोशन करें, ताकि किसी और घर में भी खुशियों के दीप जल सकें।
