हल्द्वानी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय बजट 2026 को लेकर जानकारी देते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय बजट 2026 की सराहना करते हुए इसे देश के भविष्य की मजबूत आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक निर्णायक और दूरदर्शी कदम है।

पर्वतीय राज्यों के लिए विशेष रूप से लाभकारी बजट
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्रीय बजट में इको टूरिज्म और पर्वतीय ट्रेल के विकास पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को सीधा और बड़ा लाभ मिलेगा। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय लोगों के लिए स्थायी रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
आम जनता के जीवन में आएगा सकारात्मक बदलाव
सीएम धामी ने कहा कि यह बजट आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला है। बजट से भविष्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, जिससे विकास की गति तेज होगी और देश आत्मनिर्भरता की ओर और आगे बढ़ेगा।
किसान, महिलाएं और युवा होंगे सशक्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में किसानों के सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए नए अवसरों के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।
हवाई सेवाओं और इको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
सीएम धामी ने कहा कि बजट में हवाई सेवाओं के विस्तार और इको टूरिज्म को प्रोत्साहन देना उत्तराखंड जैसे दुर्गम और पर्वतीय राज्यों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी।
उत्तराखंड को मिला ऐतिहासिक रेल बजट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि केंद्रीय बजट 2026 में उत्तराखंड को 4769 करोड़ रुपये का रेल बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह राशि पिछली सरकारों की तुलना में लगभग 26 गुना अधिक है।
समग्र विकास और बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती
सीएम धामी ने कहा कि यह बजट उत्तराखंड के समग्र विकास, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। रेलवे, पर्यटन और कनेक्टिविटी में निवेश से राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
