16 सितंबर को मुख्यमंत्री धामी ने जन्मदिवस को आपदा प्रभावितों की मदद में समर्पित करने की घोषणा की
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि उनका जन्मदिवस 16 सितंबर इस बार किसी प्रकार के उत्सव या औपचारिक आयोजन के बिना मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस जैसे अवसर को समाज और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित करना ही सच्चा उत्सव है।

आपदा प्रभावितों और जरूरतमंदों की मदद
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दिन वे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रहकर पीड़ित परिवारों की मदद करेंगे। उन्होंने समाज के हर वर्ग से अपील की कि कठिन परिस्थितियों में सभी को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।

स्वच्छता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शिक्षा सहयोग और आपदा राहत जैसे कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का जरिया हैं। उन्होंने कहा कि सेवा और त्याग की भावना ही उत्तराखंड की पहचान है और यदि हर नागरिक इसी सोच से कार्य करे तो राज्य को नई ऊर्जा मिलेगी।
