CM पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं और देश की आज़ादी व माँ भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले महानायकों को नमन किया।


धराली और अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त कीं और आश्वासन दिया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक स्वीकार्यता बढ़ी है और अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में नवनिर्माण और पुनर्निर्माण कार्य तेज़ी से जारी हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए कृतसंकल्पित है और आगामी 25 वर्षों की योजनाओं पर काम कर रही है। जन सहयोग से उत्तराखण्ड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
