मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परेड ग्राउंड में आंदोलनरत युवाओं को सीबीआई जांच का भरोसा देते हुए।
देहरादून। उत्तराखंड में परीक्षा घोटाले को लेकर आंदोलन कर रहे युवाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बड़ी राहत दी। सीएम धामी खुद परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां आंदोलनरत छात्रों से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने घोषणा की कि विवादित परीक्षा प्रकरण की सीबीआई जांच के लिए सरकार संस्तुति करेगी।

युवाओं के मन से संदेह मिटाना है सरकार का लक्ष्य
सीएम धामी ने कहा कि हम नहीं चाहते कि युवाओं के मन में कोई शंका या अविश्वास की भावना रहे।सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है।पिछले चार साल में 25 हजार से ज्यादा सरकारी भर्तियां की गई हैं और उनपर कोई सवाल नहीं उठा, लेकिन इस प्रकरण में संदेह जताया गया है, इसलिए सीबीआई जांच की जाएगी।

मुकदमें भी होंगे वापस
मुख्यमंत्री ने आंदोलन कर रहे युवाओं को भरोसा दिलाया कि इस प्रदर्शन के दौरान जिन युवाओं पर मुकदमें दर्ज हुए हैं, उन्हें सरकार वापस लेगी। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि पढ़ाई और करियर बनाने वाले युवाओं का भविष्य ऐसे मामलों में उलझे।
धरना स्थल पर जाकर दिया भरोसा
सीएम धामी ने कहा कि मैं यह बातचीत दफ्तर में भी कर सकता था, लेकिन मैंने खुद फैसला लिया कि धरना स्थल पर आकर युवाओं की बात सुनूंगा।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि परीक्षा प्रणाली पर से हर तरह का संदेह खत्म हो और युवाओं का विश्वास कायम रहे।
अमृतकाल में विकसित उत्तराखंड का सपना
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृतकाल में विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाना है और इसमें युवाओं की अहम भूमिका होगी। सरकार पारदर्शी और न्यायपूर्ण भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।
