तहसील दिवस पर अधिकारियों को सख्त निर्देश देते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से प्रदेशभर की सभी तहसीलों में आयोजित तहसील दिवस कार्यक्रमों में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। उन्होंने जनता की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील दिवस को बनाया जाएगा और प्रभावी
सीएम धामी ने कहा कि तहसील दिवस आमजन की समस्याओं के समाधान का एक सशक्त मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो, ताकि लोगों को जिला मुख्यालय या शासन स्तर तक न जाना पड़े।

गलत दस्तावेज़ वालों पर कार्रवाई होगी
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जो लोग आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, स्थायी निवास या जाति प्रमाण पत्र गलत जानकारी के आधार पर बनवाते हैं, उन्हें चिन्हित किया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए।
अतिक्रमण पर सख्त रुख
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी भूमि, नदी-नालों और सार्वजनिक संपत्तियों पर अतिक्रमण रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं। उन्होंने तहसील स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में समिति बनाने के निर्देश दिए, जिसमें पुलिस, वन विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारी सदस्य होंगे।
भूमि विवादों के लिए समिति का गठन
नई समितियां न केवल अतिक्रमण रोकेंगी बल्कि निजी भूमि विवादों का निस्तारण भी करेंगी। इससे जमीनी स्तर पर विवादों का समाधान तेजी से हो सकेगा।
आपदा राहत कार्यों को दी जाएगी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश आपदा से जूझ रहा है, इसलिए नुकसान का त्वरित आकलन और राहत व पुनर्निर्माण कार्यों को गति देना सरकार की प्राथमिकता है।
पंचायत बैठकों में अधिकारियों की अनिवार्य मौजूदगी
सीएम धामी ने निर्देश दिए कि अधिकारी बीडीसी और जिला पंचायत की बैठकों में अनिवार्य रूप से शामिल हों। इससे उन्हें ग्राम स्तर की समस्याओं की जानकारी मिलेगी और ठोस कार्ययोजना बनाई जा सकेगी।
कार्यक्रम में मौजूद रहे अधिकारी
इस मौके पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव शैलेश बगौली, सचिव विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव बंशीधर तिवारी समेत सभी जिलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
