देहरादून में खेल विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को खेल अवसंरचना सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने शासकीय आवास में खेल विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्तराखंड में खेल अवसंरचना को और सुदृढ़ किया जाए तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

सीएम ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान बनाई गई स्पोर्ट्स सुविधाओं का नियमित रख-रखाव किया जाए और उनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल गतिविधियों को निरंतर गति देने के लिए नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं ताकि युवाओं में खेलों के प्रति जोश बना रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में बनने वाले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य के खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उत्तराखंड खेल के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।

सीएम ने कहा कि युवाओं में खेल भावना और सहभागिता बढ़ाने के लिए न्याय पंचायत स्तर से लेकर विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी जैसी प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को भी खेल एवं युवा कल्याण विभाग हर संभव सहयोग प्रदान करे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आगामी 39वें राष्ट्रीय खेलों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समय पर पुरस्कार, छात्रवृत्ति और बीमा सुरक्षा के लाभ दिए जाएं, ताकि उनका मनोबल बढ़े।
सीएम ने जोर दिया कि कॉरपोरेट जगत और निजी क्षेत्र की भागीदारी से खेल अवसंरचना का विस्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति और नई खेल अकादमियों की स्थापना पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाना और युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना है। खेल, अनुशासन और समर्पण की भावना को बढ़ावा देते हैं, और उत्तराखंड इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, निदेशक खेल आशीष चौहान समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
