मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया मंथन कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को कंटेंट में बढ़ावा देने की अपील की।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स से अपने कंटेंट में उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों, स्थानीय उत्पादों, सांस्कृतिक धरोहरों और सामाजिक उपलब्धियों को विशेष स्थान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज दुनिया तक सकारात्मक संदेश पहुँचाने का सबसे तेज और प्रभावी माध्यम बन चुका है। मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्य सेवक सदन में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

सोशल मीडिया—दुनिया को बदलने वाली शक्ति
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज सोशल मीडिया ने एक आम नागरिक को मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी से बड़ी घटना से लेकर किसी गांव की छोटी सी समस्या तक—सब कुछ कुछ सेकंड में करोड़ों लोगों तक पहुंच जाता है। सोशल मीडिया ने जनसंचार को नया आयाम दिया है।

फेक न्यूज़ और नकारात्मक नैरेटिव की काट: जिम्मेदारी सबसे जरूरी
मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से कहा कि फेक न्यूज़, अफवाहों और झूठी जानकारी फैलाने वाले तत्व तेज़ी से सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की अपार शक्ति को सकारात्मक दिशा में उपयोग करना ही सबसे बड़ा सामाजिक कर्तव्य है।उन्होंने कहा कि कुछ नकारात्मक कंटेंट क्रिएटर्स जानबूझकर सरकार, समाज, धर्म और राज्य की छवि बिगाड़ने के लिए सामग्री को तोड़–मरोड़कर प्रस्तुत करते हैं। ऐसे समय में जिम्मेदार क्रिएटर्स की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
मोदी सरकार ने सोशल मीडिया को बनाया शासन व्यवस्था का हिस्सा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सत्ता संभालने के साथ ही सोशल मीडिया को शासन व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बनाया गया।
उन्होंने बताया कि—
- X (ट्विटर), Facebook
- ‘मन की बात’
- MyGov
- PMO का डिजिटल इकोसिस्टम
ने भारत में डिजिटल गवर्नेंस को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि मोदी जी विश्व के सबसे अधिक फॉलो किए जाने वाले नेताओं में शामिल हैं।
डिजिटल उत्तराखंड—सरकार का जनता से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भी “डिजिटल उत्तराखंड” निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। जहां पहले शिकायतों के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं आज—
- एक ट्वीट
- एक फेसबुक मैसेज
- या इंस्टाग्राम पोस्ट
से तुरंत समाधान मिल जाता है।
उन्होंने कहा कि कई बार सोशल मीडिया पोस्ट के कारण—
किसी बच्चे का इलाज हुआ,
किसी बुजुर्ग की पेंशन बहाल हुई,
सड़क की मरम्मत हुई,
या आपदा में फंसे लोगों की जान बची।
कुछ तत्व कर रहे हैं गलत नैरेटिव फैलाने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ धर्मविरोधी और राष्ट्रविरोधी मानसिकता वाले लोग सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर राज्य की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कड़े कदमों के बाद इस तरह के तत्वों ने फेक नैरेटिव बनाने की कोशिशें तेज की हैं।
राज्य के पर्यटन–संस्कृति–उत्पादों को प्रमोट करें: CM की अपील
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों, स्थानीय उत्पादों, संस्कृति, पर्वतीय जीवन और राज्य की उपलब्धियों को दुनिया तक पहुंचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आप सब मिलकर ‘ब्रांड उत्तराखंड’ को और मजबूत बना सकते हैं। इस मौके पर महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
