मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में अधिकारियों को निर्देश देते हुए।
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश की सड़क व्यवस्था को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की सभी सड़कों को शीघ्र गड्ढा मुक्त किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि अब तक 52 प्रतिशत पैच वर्क का कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने इस प्रगति पर संतोष जताते हुए शेष कार्यों को त्वरित गति से पूरा करने के निर्देश दिए।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों में निर्माण को मिलेगी प्राथमिकता
सीएम धामी ने कहा कि राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन क्षेत्रों में आवश्यक आधारभूत ढांचे का निर्माण जल्द पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय जनता को राहत मिल सके।

पुलों के निर्माण में भी तेज़ी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त पुलों के शीघ्र पुनर्निर्माण और नए पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह काम उच्च गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए, ताकि जनता को लंबे समय तक लाभ मिल सके।
अधिकारियों को नियमित जनसंवाद का निर्देश
सीएम धामी ने कहा कि सभी जनपदों के प्रभारी सचिव अपने जिलों का नियमित भ्रमण करें, जनता से संवाद स्थापित करें और विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं। उन्होंने जोर दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ मिलकर काम करें ताकि योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंच सके।
बैठक में मौजूद अधिकारी
इस मौके पर प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, अपर सचिव विनीत कुमार और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
राज्य सरकार ने सड़कों के गड्ढामुक्त निर्माण, पुलों की मरम्मत और आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण को लेकर स्पष्ट रोडमैप तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में कहा कि जनता को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
