चमोली आपदा प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईटी पार्क, देहरादून स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र से अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा की। उन्होंने चमोली के नंदानगर क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों में राहत और बचाव कार्यों को और अधिक गति देने के निर्देश दिए।

घायलों को एम्स एयर लिफ्ट करने के निर्देश
सीएम धामी ने चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी से आपदा की विस्तृत जानकारी ली और गंभीर रूप से घायल लोगों को एम्स ऋषिकेश एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए।

राहत और बचाव कार्यों पर सीएम की लगातार नजर
मुख्यमंत्री सुबह से ही आपदा परिचालन केंद्र और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहकर राहत कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं।
सड़क, बिजली और पेयजल आपूर्ति बहाल करने के आदेश
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली और नेटवर्क कनेक्टिविटी को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए आश्रय, भोजन, स्वच्छ पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाएं।
हर परिवार तक राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश
सीएम ने स्पष्ट कहा कि प्रभावित गांवों के हर परिवार तक राहत सामग्री समय पर पहुंचनी चाहिए और किसी को भी मदद के लिए इंतजार न करना पड़े।
प्रशासन और पुलिस की तत्परता
आपदा की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस बल ने सक्रियता दिखाई और बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। राहत और बचाव कार्य पूरे समन्वय और तत्परता के साथ जारी हैं।
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी
इस मौके पर उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति विनय रोहिल्ला, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
