मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक कर कानून-व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और सेवा पखवाड़े की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सीएम ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि जनता को सुगम, सुरक्षित और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरों से निगरानी, राज्य सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान और पुलिस की रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने मानसून के बाद गड्ढा-मुक्त सड़क अभियान शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के बाद सड़कों के सुधार और गड्ढा-मुक्त करने की निविदा प्रक्रिया अभी से पूरी कर ली जाए, ताकि अभियान में देरी न हो। सीएम ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनसेवा और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम सभी जिलों में होंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए और वे खुद भी सड़कों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने निकलेंगे।

रेत मिश्रित नमक से संबंधित शिकायत पर मुख्यमंत्री ने तुरंत जांच के निर्देश देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य सचिव आर.के. सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव शैलेश बगौली, एडीजी ए.पी. अंशुमान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
