मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में 115 अर्बन हेल्थ वेलनेस सेंटर, 15600 आवासों का लोकार्पण और अटल निर्मल नगर पुरस्कार वितरित किए।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में शहरी विकास से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 52 नगर निकायों में 115 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (Urban Health & Wellness Centre) की शुरुआत की। इसके साथ ही फेरी व्यवसायियों (Street Vendors) के पंजीकरण अभियान और अंगीकार 2.0 को भी लॉन्च किया।

15600 आवासों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बी.एल.सी. घटक से नव निर्मित 15600 आवासों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और शहरी क्षेत्रों में आवास की दिशा में ठोस सुधार होंगे।

अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निकायों को अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025 प्रदान किए।
- नगर निगम श्रेणी:
रुद्रपुर (प्रथम), पिथौरागढ़ (द्वितीय), कोटद्वार (तृतीय) - नगर पालिका परिषद श्रेणी:
मसूरी (प्रथम), डोईवाला (द्वितीय), भीमताल (तृतीय) - नगर पंचायत श्रेणी:
लालकुआं (प्रथम), गुलरभोज (द्वितीय), भिकियासैंण (तृतीय) - छावनी परिषद श्रेणी:
लैंसडौन (प्रथम), रानीखेत (द्वितीय), रुड़की (तृतीय)
244 ठोस अपशिष्ट प्रबंधन वाहन समर्पित
मुख्यमंत्री ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित 244 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से स्वास्थ्य, स्वच्छता और आवास के क्षेत्र में बड़ा सुधार होगा।
युवाओं और नकल विरोधी कानून पर सीएम का बयान
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि नकल के मामलों में सरकार की सख्त कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों में 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली और 100 से अधिक नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजा गया। सीएम ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे युवाओं को ढाल बनाकर राजनीति कर रहे हैं, जबकि सरकार ने सीबीआई जांच कराने और युवाओं की सभी न्यायोचित मांगों को पूरा करने का वादा किया है। सीएम ने दो टूक कहा कि मैं युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सर झुका भी सकता हूँ और स्वयं को मिटा भी सकता हूँ।
कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य लोग
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा, श्रीमती सविता कपूर, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल सहित विभिन्न नगर निकायों के मेयर, सचिव नितेश कुमार झा, शहरी विकास विभाग व नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे।
