मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित शासकीय आवास में "मानसखण्ड" एल्बम का विमोचन किया।
देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शासकीय आवास में लोकगायक फौजी ललित मोहन जोशी की नई एल्बम “मानसखण्ड” का विमोचन किया। इस मौके पर सीएम ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने का यह एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि लोकगीत केवल गाने भर नहीं होते, बल्कि हमारी सभ्यता और संस्कृति की आत्मा होते हैं। “मानसखण्ड” जैसी रचनाएँ हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवित रखती हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं सांस्कृतिक चेतना का संचार करती हैं।”

पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को देवभूमि कहा जाता है और यहाँ की लोककला, लोकगीत और लोकनृत्य हमारी सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन की पहचान हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह एल्बम आमजन तक पहुँचेगी और राज्य की सांस्कृतिक चेतना को और मजबूती प्रदान करेगी।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच
सीएम धामी ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है जिससे स्थानीय कलाकारों को मंच मिले और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले।
कलाकारों की प्रतिक्रिया
लोकगायक फौजी ललित मोहन जोशी ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह उनके जीवन का गौरवपूर्ण क्षण है कि उनके प्रयासों को राज्य सरकार ने सम्मान दिया। इस मौके पर गीतकार हेमंत बिष्ट, संगीतकार संजय कुमोला और कला एवं संस्कृति जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
