सीएम धामी ने किया "मां नंदा देवी मेला-2025" का शुभारंभ
अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को वर्चुअली तरीके से अल्मोड़ा के ऐतिहासिक “मां नंदा देवी मेला-2025” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह मेला लोक आस्था, संस्कृति और पहचान का प्रतीक है।

सीएम धामी ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ धार्मिक महत्व तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक सशक्तिकरण का भी मंच है। उन्होंने बताया कि 2026 में आयोजित होने वाली “मां नंदा राजजात यात्रा” को भव्य और दिव्य स्वरूप देने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं और विकास योजनाएं:-

- अल्मोड़ा महिला चिकित्सालय का 5 करोड़ से अपग्रेडेशन।
- बेस अस्पताल का नया भवन और सोमेश्वर में 100 बेड का उपजिला चिकित्सालय (प्रथम चरण में 50 बेड)।
- 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक।
- पिछले 3 वर्षों में अल्मोड़ा जनपद में 248 किमी सड़क निर्माण।
- 400 करोड़ से अल्मोड़ा-पौड़ी-रुद्रप्रयाग सड़क का निर्माण।
- 922 करोड़ की लागत से अल्मोड़ा-बागेश्वर सड़क चौड़ीकरण।
- हेली सेवाएं और चौखुटिया में हेलीपैड निर्माण योजना।
- सदी महर गाँव में 12 करोड़ से लिफ्ट पंपिंग योजना।
- 25 से अधिक स्थलों पर पार्किंग निर्माण कार्य।
- सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में प्रशासनिक भवन का निर्माण।
- अल्मोड़ा में नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना।
नीतिगत निर्णय:-
- प्रदेश में पहली बार सख्त भू-कानून लागू, अब किसानों की जमीन लैंड माफिया से सुरक्षित।
- 1 जुलाई 2026 से ऐसे मदरसे बंद होंगे जिनमें सरकारी बोर्ड का सेलेबस नहीं पढ़ाया जाएगा।
सांस्कृतिक और पर्यटन विकास:-
- मां नंदा देवी मंदिर का पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण पारंपरिक शैली में।
- डीनापानी में “नंदादेवी हस्तशिल्प ग्राम” की स्थापना।
- “मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना” के तहत महिला उद्यमियों के उत्पादों (ताम्र वस्तुएं, ऐपण कला, काष्ठशिल्प, पारंपरिक हस्तशिल्प) को देश-विदेश के बाजार से जोड़ने की पहल।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की सांस्कृतिक धरोहरों का अमृतकाल चल रहा है और उत्तराखंड सरकार भी इसे नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पबद्ध है।
