सहस्त्रधारा क्षेत्र के आपदा प्रभावित परिवारों के बीच दीपावली मनाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
देहरादून। दीपावली के शुभ अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के सहस्त्रधारा स्थित मझाड़ा गांव का दौरा किया। यह क्षेत्र हाल की आपदा से प्रभावित हुआ था। मुख्यमंत्री ने यहां पहुंचकर काली गाड़, मझाड़ा गांव और सहस्त्रधारा के आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

संवेदनशीलता और अपनत्व का उदाहरण पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी दीपावली आपदा प्रभावित परिवारों के बीच जाकर मनाई। उन्होंने गांव में जाकर महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों से बातचीत की। इस दौरान प्रभावित परिवारों के चेहरों पर मुख्यमंत्री के आगमन से राहत और खुशी झलकती दिखाई दी।
मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर ही अधिकारियों को रिवर ट्रेनिंग के निर्देश दिए और कहा कि गांव की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।

इस मौके पर प्रभावित ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री का दीपावली पर गांव आना उनके लिए कठिन समय में एक बड़ा हौसला है। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
