मुख्यमंत्री धामी ने मां धारी देवी मंदिर में प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मां धारी देवी के चरणों में विशेष पूजा-अर्चना
दौरे के बाद सीएम धामी पौड़ी गढ़वाल स्थित मां धारी देवी मंदिर पहुंचे और प्रदेशवासियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य व सुख-समृद्धि के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि मां धारी देवी उत्तराखंड की आराध्य हैं और इस आपदा काल में उनका आशीर्वाद प्रदेश के लिए शक्ति और संबल का स्रोत है।

नागरिकों और व्यापारियों से संवाद
पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों से बातचीत की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभव सहायता मुहैया कराएगी।
अलकनंदा तट पर भू-कटाव रोकने के निर्देश
सीएम धामी ने मंदिर परिसर और अलकनंदा नदी के किनारों का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भू-कटाव रोकने के लिए ठोस सुरक्षा दीवारें बनाई जाएं और कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता न हो।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक श्रीमती आशा नौटियाल, भरत सिंह चौधरी, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
