गंभीर घायल एयरलिफ्ट होकर पहुंचे एम्स ऋषिकेश
चमोली। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में बादल फटने से भारी तबाही मची है। आपदा में गंभीर रूप से घायल हुए छह लोगों को प्रशासन ने एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, जहां ट्रॉमा सेंटर में उनका प्राथमिकता से इलाज शुरू कर दिया गया है। एम्स प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों की प्रारंभिक जांच पूरी कर ली गई है और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अस्पताल की विशेष चिकित्सक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

एम्स के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मरीजों के स्वास्थ्य की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक पैथोलॉजी सहित अन्य महत्वपूर्ण टेस्ट भी शुरू कर दिए गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि थराली आपदा प्रभावितों को हरसंभव मदद तत्काल उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में लगातार जुटी हुई हैं।
घायलों के परिजन विरु जोशी ने सरकार और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि समय रहते एयरलिफ्ट कर मरीजों को एम्स पहुंचाना जीवनरक्षक कदम साबित हुआ।

