चारधाम यात्रा 2025 – बदरीनाथ, केदारनाथ, मदमहेश्वर और तुंगनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथियां घोषित
देहरादून। उत्तराखंड के प्रमुख धामों में शामिल श्री बदरीनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 25 नवंबर 2025 (मंगलवार) को दोपहर 2 बजकर 56 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के बाद बदरीनाथ धाम के पुजारी भगवान बदरीविशाल की शीतकालीन पूजा-विधि जोशीमठ में करेंगे।

केदारनाथ धाम कपाट बंद होने की तिथि
श्री केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर 2025 को विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के बीच शीतकालीन अवकाश के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद बाबा केदार की डोली परंपरागत रूप से ओंकारेश्वर मंदिर (उखीमठ) पहुंचेगी और यहीं से पूरे शीतकाल भक्तों को दर्शन देगी।

मदमहेश्वर धाम कपाट बंद होने की तिथि
द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम के कपाट 18 नवंबर 2025 को शीतकाल के लिए बंद होंगे। इसके बाद भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह डोली 21 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर (उखीमठ) पहुंचेगी और शीतकालीन गद्दी पर विराजमान होगी।
तुंगनाथ धाम कपाट बंद होने की तिथि
तृतीय केदार तुंगनाथ धाम के कपाट 6 नवंबर 2025 को बंद होंगे। इसके बाद बाबा तुंगनाथ की उत्सव डोली 8 नवंबर को मक्कूमठ पहुंचेगी और यहां पर बाबा की शीतकालीन पूजा-अर्चना की जाएगी।
छह महीने शीतकालीन गद्दी स्थलों पर रहेंगे बाबा
मदमहेश्वर और तुंगनाथ धाम की डोलियां क्रमशः ओंकारेश्वर मंदिर और मक्कूमठ में लगभग छह महीने तक विराजमान रहेंगी। इस दौरान भक्त यहां आकर बाबा के दर्शन कर सकेंगे।
