मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत में वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम में विचार साझा करते हुए।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जिला पंचायत सभागार, चंपावत में प्रबुद्ध नागरिकों और वरिष्ठजनों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठजन समाज के अनुभव, ज्ञान और मूल्यों के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज के मार्गदर्शक स्तंभ हैं और उनके आशीर्वाद से ही चंपावत को “आदर्श जनपद” बनाने की दिशा में कदम बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत जिले के सिप्टी क्षेत्र में 100 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। वहीं अब तक की गई 306 घोषणाओं में से 196 पूरी की जा चुकी हैं और बाकी पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि आदर्श चंपावत केवल एक जिला नहीं, बल्कि “आदर्श उत्तराखण्ड” के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि जिले में साइंस सेंटर का निर्माण पूर्ण हो चुका है और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का नया परिसर भी शुरू हो गया है। चंपावत को स्मार्ट सिटी मिशन में शामिल किया गया है। इसके साथ ही पूर्णागिरि रोपवे परियोजना, शारदा कॉरिडोर और वेडिंग डेस्टिनेशन उत्तराखण्ड योजना जैसी कई महत्वाकांक्षी योजनाओं पर भी तेजी से कार्य चल रहा है।

कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि जिस भरोसे के साथ चंपावत ने उन्हें 93 प्रतिशत से अधिक मत देकर विधायक चुना था, वही भरोसा आज विकास के रूप में धरातल पर दिखाई दे रहा है। वरिष्ठजनों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह समर्थन 100% तक पहुंचेगा। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आयुर्वेदिक औषधि निर्माण के क्षेत्र में हो रहे सुधारों की सराहना की और पेंशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, अनिल डब्बू, शंकर कोरंगा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अचला बोहरा, ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और अधिकारीगण मौजूद रहे।
