मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत-टनकपुर मार्ग का दौरा कर ग्रामीणों और बच्चों से संवाद किया, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपनी विधानसभा क्षेत्र चम्पावत का सड़क मार्ग से दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चम्पावत से टनकपुर तक भ्रमण कर ग्रामीण इलाकों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया।

मुख्यमंत्री ने मुड़ियानी, धौन, स्वाला, अमोड़ी, चल्थी, सिंयाड़ी और सूखीढांग सहित कई बस्तियों में रुककर ग्रामीणों से भेंट की और उनकी समस्याओं को समझा। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में फूल और आशीर्वाद के साथ स्वागत किया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक स्वीकार किया।
बच्चों से संवाद: ग्राम अमोड़ी, चल्थी और सूखीढांग में मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, सपने और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। चल्थी में मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकान से गडेरी (पहाड़ी बड़ी अर्बी) और अदरक खरीदकर ग्रामीणों और उत्पादकों को प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूँ कि मुझे चम्पावत क्षेत्र का विधायक बनने का अवसर मिला।चम्पावत मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।मैं सभी लोगों के सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूँगा।उन्होंने सभी नागरिकों को दीपावली, धनतेरस और भैया दूज की हार्दिक शुभकामनाएँ भी दीं।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय रोजगार जैसे विषयों पर चर्चा की और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यों के निर्देश दिए। इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, अनिल डब्बू, शंकर कोरंगा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
