नंदानगर ब्लॉक में आपदा प्रभावितों से मिलते चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार।
चमोली। दीपावली के मौके पर जहां पूरा प्रदेश उत्सव में डूबा था, वहीं चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार ने इस दिन को आपदा प्रभावित परिवारों के साथ बिताने का फैसला किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर वे नंदानगर विकास खंड के आपदा प्रभावित गांवों फाली, कुंतरी, भैसवाड़ा और धुर्मा पहुंचे।

पीड़ितों से मुलाकात, समस्याएं सुनीं
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन उनकी हर संभव मदद करेगा। प्रभावितों ने इस दौरान अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं, जिनमें पेयजल आपूर्ति और राहत योजनाओं से वंचित होने की बातें शामिल थीं।

पेयजल आपूर्ति और योजनाओं पर दिए निर्देश
ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति नियमित और सुचारु हो। साथ ही आपदा प्रबंधन अधिकारी को उन परिवारों के प्रस्ताव तैयार करने को कहा, जो मानकों की वजह से योजनाओं से वंचित हैं।
घायलों और जरूरतमंदों से भी की मुलाकात
इस दौरान जिलाधिकारी ने आपदा में घायल हुई सुनीता देवी, रघुवीर सिंह और सजिता देवी के घर जाकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने उप जिलाधिकारी को घायलों की घर पर ही जांच करवाने के आदेश दिए। वहीं, गीता देवी की आर्थिक स्थिति को देखते हुए समाज कल्याण विभाग से समन्वय कर पेंशन योजना का लाभ तुरंत देने के निर्देश दिए।
बाढ़ सुरक्षा पर भी दिया भरोसा
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बाढ़ सुरक्षा के लिए जरूरी कदम जल्द उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में किसी भी आपदा से गांव सुरक्षित रह सकें।
