BKTC में अनियमितताओं के आरोप के बाद बीजेपी के दो नेताओं में खुला विवाद।
देहरादून। उत्तराखंड में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) एक बार फिर विवादों में आ गई है। इस बार मामला सीधे भारतीय जनता पार्टी के भीतर ही टकराव का बन गया है। बीजेपी नेता और BKTC के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने मंदिर समिति में कई अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं और वर्तमान अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से जांच की मांग की है।

अजेंद्र अजय ने कहा कि BKTC में कई फैसले पारदर्शी तरीके से नहीं लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति में आर्थिक और प्रशासनिक स्तर पर गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। वहीं इस पर जवाब देते हुए वर्तमान अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अगर अनियमितताओं की बात हो रही है तो वह अजेंद्र अजय के भाई की सैलरी बढ़ने की भी जांच कराएंगे। उनका कहना है कि अगर पारदर्शिता की बात की जा रही है तो जांच सभी की होनी चाहिए।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब भाजपा के भीतर ही टकराव के हालात बन गए हैं। जांच शुरू होने से पहले ही पार्टी के दो वरिष्ठ नेता आमने-सामने आ गए हैं, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। राज्य में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की भूमिका बेहद अहम मानी जाती है। हर साल लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और समिति के पास करोड़ों का बजट होता है। ऐसे में अगर जांच होती है तो कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।

