उत्तराखंड में नौकरशाही में बड़ा फेरबदल
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने शनिवार को राज्य प्रशासनिक सेवा में बड़ा फेरबदल करते हुए कई आईएएस और वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। नए आदेशों के तहत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों से हटाया गया है। यह बदलाव प्रशासनिक दक्षता को और मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।

सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार अहमद इकबाल को अपर सचिव, आवास विभाग के साथ-साथ मुख्य कार्यपालक अधिकारी, भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण देहरादून नियुक्त किया गया है। वहीं, रंजना राजगुरु को अपर सचिव, बाल विकास के पद से हटा दिया गया है।
अनुराधा पाल को अब अपर सचिव, आबकारी विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि नरेंद्र सिंह भंडारी को अपर सचिव, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के रूप में नई तैनाती दी गई है। वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी बी.एल. राणा को निदेशक, एकीकृत बाल विकास योजना (ICDS) और निदेशक, महिला कल्याण बनाया गया है। इसके साथ ही नरेंद्र भंडारी को कुल सचिव, उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, हर्रावाला नियुक्त किया गया है।

लक्ष्मण सिंह, जो सचिवालय सेवा के अधिकारी हैं, उन्हें अपर सचिव, बाल विकास और महिला कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, कर्मेंद्र सिंह को अपर सचिव, संस्कृत शिक्षा विभाग का प्रभार सौंपा गया है। वहीं संतोष बडोनी को शहरी विकास विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि लाल सिंह नगरकोटी को कार्यक्रम क्रियान्वयन एवं जनगणना विभाग का दायित्व सौंपा गया है। महावीर सिंह को सचिव, सेवा का अधिकार आयोग, देहरादून के पद पर नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने और विभागीय कार्यों में अधिक पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
