बनभूलपुरा में NIA द्वारा की गई कार्रवाई के बाद बिलाली मस्जिद परिसर में तैनात सुरक्षा बल
हल्द्वानी। दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट मामले की जांच में बड़ा मोड़ सामने आया है। जांच एजेंसियों को आतंकी उमर की कॉल डिटेल की जांच के दौरान उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर का लिंक मिला। तकनीकी जांच में उमर की बातचीत बनभूलपुरा क्षेत्र से कनेक्ट होती पाई गई, जिसके बाद शुक्रवार देर रात दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम और NIA ने संयुक्त कार्रवाई की।

बिलाली मस्जिद के इमाम मौलाना आसिम को पूछताछ के लिए ले गई NIA
देर रात सुरक्षा बलों ने बनभूलपुरा की लाइन नंबर 8 स्थित बिलाली मस्जिद में दबिश दी और मस्जिद के इमाम मौलाना आसिम को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए दिल्ली ले गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार मौलाना का नाम जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी संगठनों से संभावित संपर्क की जांच के चलते सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक मौलाना यूपी के रामपुर जिले के दड़ियाल क्षेत्र के रहने वाले हैं और पिछले चार वर्षों से हल्द्वानी की बिलाली मस्जिद में इमाम के रूप में कार्यरत हैं।

शहर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस, PAC और खुफिया विभाग के जवानों को तैनात किया गया है। शनिवार सुबह एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल बनभूलपुरा पहुंचा। अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल देखकर स्थानीय लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएँ और आशंकाएँ फैल गईं।
सघन चेकिंग अभियान और हाई अलर्ट जारी
- संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी
- कई मार्गों पर बैरिकेडिंग
- संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर
- शहर में हाई अलर्ट की घोषणा
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों में न पड़ने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
