सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले बनभूलपुरा में कड़ी सुरक्षा और पुलिस का फ्लैग मार्च।
हल्द्वानी। हल्द्वानी के बहुचर्चित बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण प्रकरण की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में आज (10 दिसंबर) एक बार फिर स्थगित कर दी गई। कोर्ट में कुछ बड़े और संवेदनशील मामलों पर लंबी बहस के कारण यह याचिका बेंच के सामने आ नहीं सकी। अगली संभावित तारीख 16 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है।

पिछली सुनवाई भी लंबी दलीलों के कारण आगे खिसकी थी
गौरतलब है कि 2 दिसंबर की सुनवाई भी अन्य मामलों में लंबी दलीलें चलने के कारण अधूरी रह गई थी। आज की सुनवाई को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा था। इस मामले को देखने वाली तीन जजों की बेंच में –

- मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत
- न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुयान
- न्यायमूर्ति नोंग्मीकाम कोटिश्वर सिंह
शामिल थे।
हल्द्वानी और बनभूलपुरा में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
सुनवाई के मद्देनज़र हल्द्वानी और विशेषकर बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा पुख्ता कर दी है।
- संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया
- हर चौराहे व प्रवेश बिंदुओं पर चेकिंग बढ़ा दी गई
- लोगों और वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है
फ्लैग मार्च कर पुलिस ने दिया शांति का संदेश
नैनीताल पुलिस ने मंगलवार सुबह क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर यह संदेश दिया कि किसी भी अफवाह या तनाव की स्थिति में पुलिस तैयार है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग की अपील की।
सोशल मीडिया पर कड़ी नजर
पुलिस ने सोशल मीडिया की निगरानी भी बढ़ा दी है। किसी भी भ्रामक, भड़काऊ या फेक पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस का कहना है कि गलत सूचना फैलाने वालों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
