बागेश्वर पुलिस ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 79वां स्वतंत्रता दिवस
बागेश्वर। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद बागेश्वर के सभी थाना, चौकियों और कार्यालयों में धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य समारोह रिज़र्व पुलिस लाइन बागेश्वर में आयोजित हुआ, जहां पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया।

राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई और सभी पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। पुलिस अधीक्षक महोदय ने इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस दौरान सेवा व विशिष्ट कार्य के आधार पर सम्मान पाने वाले पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के नाम घोषित किए गए। इनमें जनपद बागेश्वर की महिला आरक्षी ज्योति वर्मा को 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई।

समारोह में पुलिस उपाधीक्षक कपकोट श्री मनीष शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक श्री प्रताप सिंह नेगी, क्षेत्राधिकारी बागेश्वर श्री अजय शाह समेत सभी थाना, चौकी और फायर स्टेशन प्रभारियों व पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त, सभी थाना, चौकियों, पुलिस लाइन और शाखाओं में सफाई अभियान भी चलाया गया।
