विधायक का गनर उफनते गदेरे में बहा
बागेश्वर। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं से तबाही का सिलसिला थम नहीं रहा है। जनपद बागेश्वर के कपकोट तहसील क्षेत्र के तल्ला दानपुर अन्तर्गत कन्यालीकोट पैसारी गांव में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। हालात का जायजा लेने पहुंचे स्थानीय विधायक सुरेश गढ़िया खुद भी बारिश से उपजी आपदा के खतरों से बाल-बाल बचे।

गदेरे को पार करते वक्त बह गया गनर
जब विधायक सुरेश गढ़िया आपदा प्रभावित इलाके का निरीक्षण करने पहुंचे, उसी दौरान उन्हें एक उफनते बरसाती गदेरे को पार करना पड़ा। इसी बीच उनका गनर अचानक तेज बहाव में बह गया। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और सभी की सांसें अटक गईं।

SDRF जवानों ने किया रेस्क्यू
स्थिति गंभीर होते ही मौके पर मौजूद SDRF जवान तुरंत हरकत में आए और गनर को बहाव से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। SDRF की टीम ने साहस और त्वरित कार्रवाई दिखाते हुए गनर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनर को मामूली चोटें आईं लेकिन उसकी जान बच गई।
बादल फटने से तबाही का मंजर
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कन्यालीकोट पैसारी गांव में बादल फटने के कारण घरों, खेतों और रास्तों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर मलबा भर गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि पहाड़ों में बरसाती गदेरे और नाले किस कदर जानलेवा साबित हो सकते हैं। SDRF की तत्परता ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बरसाती नालों को पार करने से बचें और मौसम विभाग के अलर्ट का पालन करें।
