हल्द्वानी में सीएम धामी ने एशियन कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में एशियन कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है और राज्य अब राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए भी एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।

खिलाड़ियों को अनुशासन और फिटनेस का संदेश
सीएम धामी ने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और परिश्रम का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश जब खिलाड़ी देते हैं, तो वह युवाओं तक गहराई से पहुंचता है।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार “मुख्यमंत्री खेल विकास निधि”, “मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना”, “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना” और “खेल किट योजना” जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही है। इसके साथ ही “उत्तराखंड खेल रत्न” और “हिमालय खेल रत्न पुरस्कार” देकर उनकी उपलब्धियों का सम्मान भी किया जा रहा है।
खेल कोटे का पुनः लागू होना और सम्मान राशि
सीएम धामी ने कहा कि राज्य की राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4% खेल कोटा पुनः लागू किया गया है। हाल ही में राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि भी प्रदान की गई है।
राष्ट्रीय खेलों में ऐतिहासिक उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर 7वां स्थान हासिल किया है, जो राज्य के खेल इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि है।
517 करोड़ से तैयार हो रहा विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 517 करोड़ की लागत से राज्य में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यही वजह है कि आज एशियन कैडेट कप जैसे आयोजन उत्तराखंड में हो रहे हैं।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, प्रमोद नैनवाल, फेंसिंग महासंघ के महासचिव राजीव मेहता, उत्तराखंड ओलंपिक संघ अध्यक्ष महेश नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट समेत कई गणमान्य लोग और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मौजूद रहे।
