Arden Progressive School Cricket Tournament Inauguration 2025
हल्द्वानी। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में आज से पी. एस. ए. (पब्लिक स्कूल एसोसिएशन) के तत्वावधान में आयोजित इन्टर स्कूल अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता की धूमधाम से शुरुआत हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के ट्रस्टी भुवन चन्द्र उपाध्याय द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके बाद माहौल उत्साह और जोश से भर गया।

शुभारंभ समारोह में आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल के बच्चों ने सुंदर सांस्कृतिक गीत प्रस्तुत किए, वहीं विद्यालय के बैंड दल ने अपनी मधुर धुनों से आगंतुकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में छात्रों और उपस्थित दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
पहला मुकाबला: इंद्रा एकेडमी ने 1 विकेट से जीता रोमांचक मैच

प्रतियोगिता का पहला मैच ऑरम स्कूल और इंद्रा एकेडमी के बीच खेला गया। ऑरम स्कूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 140 रन का लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंद्रा एकेडमी की टीम ने शानदार संयम और प्रदर्शन दिखाते हुए 1 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की और अगले राउंड में प्रवेश किया।
एक सप्ताह तक चलेगी प्रतियोगिता
यह क्रिकेट प्रतियोगिता कुल एक सप्ताह तक चलेगी, जिसमें हल्द्वानी शहर के 20 विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पी.एस.ए. और आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी टीमों, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उनके उत्साह, खेलभावना और भविष्य की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
