लाखन सिंह नेगी
नैनीताल। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर जारी सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी के पति और पूर्व जिला पंचायत सदस्य लाखन नेगी ने सोमवार को एक बार फिर खुलकर सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

लाखन नेगी के आरोप
लाखन नेगी ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सत्ता पक्ष ने लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए दबाव की राजनीति की जा रही है। कांग्रेस प्रत्याशी और उनके समर्थकों को बार–बार निशाना बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने भीमताल से बीजेपी विधायक राम सिंह कैड़ा पर सीधा हमला किया।

अपहरण प्रकरण से जोड़ा मुद्दा
लाखन नेगी ने हाल ही में सामने आए कथित अपहरण प्रकरण पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि अगर निष्पक्ष जांच की जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी, लेकिन प्रशासन केवल मामले को दबाने में जुटा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के दबाव में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही।
हाईकोर्ट में मामला
गौरतलब है कि नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव और अपहरण मामले की सुनवाई फिलहाल हाईकोर्ट में चल रही है। कोर्ट ने DM और SSP से शपथपत्र मांगा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। इस बीच लाखन नेगी के बयान ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।
