सीएम धामी ने देहरादून में आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा रन प्रोमो को हरी झंडी दिखाकर किया शुरू
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में ‘आदि कैलाश परिक्रमा रन’ प्रोमो का फ्लैग-ऑफ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘आदि कैलाश परिक्रमा रन’ का लोगो भी लॉन्च किया।

फिट इंडिया विजन और पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी का फिट इंडिया विजन युवाओं और देशवासियों को स्वास्थ्य और खेलों के प्रति प्रेरित कर रहा है। यह मैराथन आदि कैलाश जैसी पौराणिक और आध्यात्मिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाएगी और साहसिक पर्यटन को नई ऊंचाई देगी।

2 नवंबर 2025 को होगी भव्य मैराथन
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 2 नवंबर 2025 को आदि कैलाश परिक्रमा मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन न सिर्फ खेल प्रतियोगिता होगी, बल्कि सीमांत गांवों के लिए रोजगार और पर्यटन विकास का नया अध्याय भी खोलेगी।
अगला आयोजन 2026 में माणा-नीति गांव में
सीएम धामी ने कहा कि इस मैराथन के बाद अगला आयोजन जून 2026 में माणा-नीति गांव में प्रस्तावित है। इसका मकसद युवाओं और नागरिकों को स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल के प्रति जागरूक करना है।
