ABVP 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में CM धामी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताया
देहरादून। उत्तराखंड के परेड ग्राउण्ड में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रो. यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार 2025 से गोरखपुर के श्री श्रीकृष्ण पांडेय को सम्मानित किया।

सामाजिक सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि पांडेय द्वारा बाल भिक्षा वृत्ति उन्मूलन, निस्सहाय मानसिक रोगियों की सेवा, कारागार बंदियों के पुनर्वास जैसे क्षेत्रों में किया गया काम सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरक मिसाल है।

“ABVP का अधिवेशन सिर्फ कार्यक्रम नहीं, राष्ट्र निर्माण का यज्ञ” — CM धामी
CM धामी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद के साथ कार्य करने के अनुभवों ने मेरे जीवन में नेतृत्व, अनुशासन और समाज सेवा के मूल्यों को मजबूत किया। यह अधिवेशन ऊर्जावान युवाओं का महासंगम है, जो राष्ट्र निर्माण का पवित्र यज्ञ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां लिए गए संकल्प देश को सामाजिक और वैचारिक प्रगति की नई दिशा देंगे।
युवा शक्ति है राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि युवाओं की क्षमता, परिश्रम और संकल्प से ही सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा। इसी ऊर्जा को सही मार्गदर्शन देकर भारत पुनः विश्व गुरु बनेगा।
मोदी सरकार की योजनाएं युवाओं के लिए अवसर
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवा राष्ट्र शक्ति बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि Startup India, Skill India, Digital India, Make in India, Fit India, NEP 2020 जैसी योजनाएं युवा प्रतिभा को नए अवसर प्रदान कर रही हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, ABVP अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी, महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी समेत संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
