
Uttarakhand Secretariat
उत्तराखंड सचिवालय में सालों से एक ही अनुभाग में जमे अधिकारियों के तबादले अब तय माने जा रहे हैं। राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय के अंदर काफी लंबे समय से रुकी हुई तबादला प्रक्रिया को गति देते हुए नई तबादला नीति लागू करने की घोषणा की है।
इस नई नीति के तहत सचिवालय सेवा संवर्ग के अनुभाग अधिकारी से लेकर संयुक्त सचिव, समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी और कंप्यूटर सहायक जैसे पदों पर काम कर रहे अधिकारियों के तबादले किए जाएंगे।
वहीं तबादले की अंतिम तारीख 31 जुलाई है। मुख्य सचिव ने साफ किया है कि सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले 31 जुलाई से पहले कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ये फैसला प्रशासनिक पारदर्शिता और कार्यकुशलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। मुख्य सचिव ने कहा कि एक ही अनुभाग में सालों से जमे अधिकारियों को बदलना जरूरी है, जिससे शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।
मुख्य सचिव की ओर से लिया ये कदम प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक बड़ा फैसला माना जा रहा है। इससे न केवल सचिवालय की कार्यप्रणाली में बदलाव आएगा, बल्कि आने वाले समय में दूसरे सरकारी विभागों के लिए भी नीतिगत उदाहरण बन सकता है।