
Uttarakhand Assembly Monsoon Session
Uttarakhand Assembly Monsoon Session: राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा का मानसून सत्र 19 अगस्त से शुरू होगा। मानसून सत्र 22 अगस्त तक चलेगा। मानसून सत्र के लिए विधायकों में प्रश्न लगाने को लेकर खासा उत्साह है। फिलहाल अभी तक 460 प्रश्न विधानसभा को मिल चुके हैं। मानसून सत्र में ही अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर मानसून सत्र को लेकर विपक्ष भी अपनी तैयारी पूरी कर रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि मानसून सत्र बेहद हंगामेदार रहने वाला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से विपक्षी विधायकों की ओर से भ्रष्टाचार से लेकर बड़े घोटालों पर सरकार को घेरने का कार्य किया जाएगा।
करन माहरा ने कहा कि राज्य की जनता जानना चाहती है कि उनके टैक्स का पैसा कहां और कैसे खर्च हो रहा है, जिसका सरकार को जवाब देना होगा। मानसून सत्र न केवल विधायी प्रक्रिया की दृष्टि से अहम रहेगा, बल्कि इससे सरकार और विपक्ष के बीच टकराव की संभावना भी प्रबल है। आम जनता की नजरें इस बात पर रहेंगी कि कौन से मुद्दे वास्तव में उठाए जाते हैं और क्या ठोस निर्णय लिए जाते हैं।