केंद्र सरकार ने CDS जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल 30 मई 2026 तक बढ़ाया।
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल बढ़ा दिया है। अब वे 30 मई 2026 तक या अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।

कैबिनेट ने दी मंजूरी
यह फैसला 24 सितंबर 2025 को कैबिनेट की अपॉइंटमेंट्स कमेटी (ACC) द्वारा लिया गया। जनरल चौहान डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स के सचिव के तौर पर भी काम करते रहेंगे। उनका मौजूदा कार्यकाल 30 सितंबर 2025 को खत्म होने वाला था।
तीन साल से संभाल रहे जिम्मेदारी
जनरल अनिल चौहान पिछले तीन सालों से इस पद पर हैं। उन्हें 30 सितंबर 2022 को देश का दूसरा CDS बनाया गया था। खास बात यह है कि वे इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले थ्री-स्टार अफसर हैं, जबकि आमतौर पर यह जिम्मेदारी फोर-स्टार अफसर को दी जाती है।
सामने हैं अहम चुनौतियां
जनरल चौहान के सामने हायर डिफेंस मैनेजमेंट, रक्षा डील सुधार, और तीनों सेनाओं के एकीकरण जैसी बड़ी चुनौतियां हैं। उनके कार्यकाल से रक्षा नीतियों में निरंतरता और पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख बनाए रखने की उम्मीद है।
