सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी
भराड़ीसैंण (गैरसैंण)। उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दूसरे दिन भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का दौर जारी रहा। नतीजा यह हुआ कि प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही बाधित हो गई। जैसे ही प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्ष के सदस्य अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी करने लगे।

विपक्ष ने सरकार पर महत्वपूर्ण मुद्दों से भागने और जवाब देने से बचने का आरोप लगाया। इधर, सत्ता पक्ष ने विपक्ष पर केवल राजनीतिक लाभ के लिए माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। स्पीकर ने हंगामे के बीच कई बार व्यवस्था बनाए रखने की अपील की, लेकिन जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होती दिखी, तो उन्हें सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
इससे पहले पहले दिन भी प्रश्नकाल सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप में ही निकल गया था। लगातार दो दिन से बाधित हो रही कार्यवाही को लेकर आमजन के मुद्दों पर चर्चा ठप पड़ गई है। सत्र के तीसरे दिन क्या प्रश्नकाल चल पाएगा या फिर गतिरोध जारी रहेगा, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

