बीजेपी की दीपा दर्मवाल बनीं अध्यक्ष
नैनीताल। लंबे विवाद और सियासी ड्रामे के बाद आखिरकार नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव का परिणाम मंगलवार को आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया। भाजपा प्रत्याशी दीपा दर्मवाल ने कांग्रेस की पुष्पा नेगी को 1 वोट से हराकर जीत दर्ज की।

कुल 27 सदस्यों वाले इस चुनाव में केवल 22 ने ही मतदान किया। 5 सदस्य कथित अपहरण के चलते वोट नहीं डाल सके। कांग्रेस ने इस मुद्दे को अदालत में उठाया और पुलिस ने भी लापता सदस्यों की तलाश की। हालांकि विवादों के बीच चुनाव की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए।
अध्यक्ष पद पर दीपा दर्मवाल को 11 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की पुष्पा नेगी को 10 वोट हासिल हुए। एक मत निरस्त कर दिया गया। उपाध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी बहादुर सिंह नगदली और कांग्रेस की देवकी बिष्ट को बराबर 11-11 वोट मिले। इसके बाद टॉस कराया गया और किस्मत ने साथ दिया कांग्रेस की देवकी बिष्ट का, जिन्हें विजेता घोषित किया गया।

बीते गुरुवार को मतदान व मतगणना पूरी हो गई थी, लेकिन लापता सदस्यों के न मिलने और कांग्रेस की याचिका पर अदालत की सुनवाई के चलते नतीजे रोके गए थे। अंततः मंगलवार को कोषागार में आधिकारिक घोषणा की गई।
इस पूरे घटनाक्रम ने नैनीताल जिला पंचायत चुनाव को सियासी चर्चा का बड़ा केंद्र बना दिया। अध्यक्ष पद भाजपा के खाते में और उपाध्यक्ष पद कांग्रेस के खाते में जाने से जिले की राजनीति में नया समीकरण उभर आया है।
