मानसून सत्र को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
देहरादून। मंगलवार से शुरू हो रहे विधानसभा मानसून सत्र को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं।सोमवार को सुरक्षा रिहर्सल के बाद अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, वी मुरूगेशन और अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन/अभिसूचना एवं सुरक्षा, एपी अंशुमान ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और निरीक्षकों की डी-ब्रीफिंग ली।

डी-ब्रीफिंग में सभी सेक्टर व ड्यूटी प्रभारियों से फीडबैक लिया गया और प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसमें यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, हेलीपैड, पार्किंग, रूट ड्यूटी और अग्निशमन जैसे बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए ताकि सत्र शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
सुरक्षा की मुख्य व्यवस्थाएं-

- विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की सघन तैनाती।
- सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी।
- संभावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए थानों से अतिरिक्त बल की व्यवस्था।
- यातायात और पार्किंग को सुचारू बनाने के लिए विशेष इंतज़ाम।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, राजीव स्वरूप, पुलिस अधीक्षक चमोली, सर्वेश पंवार, सहित समस्त राजपत्रित और निरीक्षक स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
