धराली में 79वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित धराली गांव में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समेश्वर देवता मंदिर प्रांगण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे कर्मियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में एसडीआरएफ के आईजी अरुण मोहन जोशी ने ध्वज फहराया और प्रभावितों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान आपदा में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस मौके पर आपदा से शीघ्र उबरने और सामान्य स्थिति बहाल करने का संकल्प व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव में जुटी एजेंसियों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की गई।

