उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने रविवार को पुलिस मुख्यालय, देहरादून में उत्तरकाशी के धराली एवं हर्षिल क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के बाद चल रहे राहत और बचाव कार्यों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।

बैठक में SDRF, फायर सर्विस, पीएसी, दूरसंचार और पुलिस की विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी एवं टीम लीडर्स मौजूद रहे। DGP ने विपरीत मौसम, मार्ग अवरोध और कठिन परिस्थितियों के बावजूद पुलिस, SDRF, फायर और अन्य एजेंसियों द्वारा बड़ी संख्या में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत सामग्री समय पर पहुंचाने की सराहना की।
दूसरे चरण की कार्ययोजना

बैठक में निर्णय लिया गया कि दूसरे चरण में Search & Rescue Operation पर विशेष फोकस किया जाएगा। इसके लिए IG SDRF अरुण मोहन जोशी को Incident Commander और कमांडेंट SDRF अर्पण यदुवंशी को Deputy Incident Commander नियुक्त किया गया है।
DGP के निर्देश
- SDRF, फायर, PAC और पुलिस बल की पर्याप्त संख्या को धराली व हर्षिल में रणनीतिक रूप से तैनात किया जाए।
- स्थानीय नागरिकों और प्रशासन के साथ समन्वय कर लापता व्यक्तियों की सटीक सूची तैयार की जाए।
- खतरनाक और संवेदनशील क्षेत्रों को रेड फ्लैग कर, विशेष उपकरणों से खोज अभियान चलाया जाए।
- ड्रोन, थर्मल इमेजिंग कैमरे, विक्टिम लोकेटिंग कैमरे और डॉग स्क्वाड का अधिकतम उपयोग किया जाए।
- सभी टीमें 24×7 अलर्ट मोड पर रहें और हर गतिविधि की रीयल टाइम रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें।
DGP सेठ ने सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए तेज और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि राहत व बचाव कार्य शीघ्रता से पूरे किए जा सकें।
