मुख्यमंत्री आवास में यूआईआईडीबी की पांचवीं बैठक की अध्यक्षता करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
देहरादून। उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर समेत राज्य की प्रमुख अवसंरचनात्मक परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आगामी एक महीने के भीतर कुछ परियोजनाओं के काम धरातल पर दिखाई देने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रक्रियाएं जल्द पूरी करें।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
तीन बड़े कॉरिडोर पर 8,279 करोड़ रुपये होंगे खर्च
बैठक में बताया गया कि हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें से लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं वर्तमान में क्रियान्वयन के चरण में हैं।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। अनुमान के मुताबिक, इन तीनों कॉरिडोर से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिल सकता है।
हरिद्वार गंगा कॉरिडोर: हरकी पैड़ी समेत कई कार्यों में तेजी
हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 495 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
प्रशासनिक मार्ग के विकास का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र में विकास कार्यों का 70 प्रतिशत और हरकी पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास का 45 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।
मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों के विकास का क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा किया जाना है।
ऋषिकेश कॉरिडोर: त्रिवेणी घाट और आस्था पथ का होगा कायाकल्प
ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर के निर्माण का 39 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
इसके अलावा 115.07 करोड़ रुपये की लागत से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये की लागत से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण किया जा रहा है। शिवपुरी और नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग गतिविधियों को व्यवस्थित करने के साथ पर्यटकों के लिए सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।
शारदा रिवर फ्रंट: शारदा घाट का होगा पुनर्विकास
शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर के तहत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं।
आपदा जोखिम कम करने के उद्देश्य से 85.23 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं 184.20 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और 66.49 करोड़ रुपये की शहरी जल निकासी योजना के पहले चरण का 13 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
श्रीनगर-बेलकेदार में विकसित होगा आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र
बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र (स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन) विकसित करने की योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इसके साथ ही साहसिक पर्यटन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने, निजी निवेश को प्रोत्साहित करने और परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
स्थानीय संस्कृति और पहचान को ध्यान में रखकर बनेंगी परियोजनाएं
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाते समय संबंधित क्षेत्र की पहचान, स्थानीय संस्कृति, धार्मिक महत्व और प्राकृतिक विशेषताओं का विशेष ध्यान रखा जाए। परियोजनाओं में स्थानीय विशिष्टताओं को शामिल किया जाए, ताकि विकास के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी बनी रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं को जल्द शुरू किया जा सकता है, उनकी आवश्यक प्रक्रियाएं तत्काल पूरी की जाएं। सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ काम करें, ताकि योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचे और पर्यटन के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ें।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा सहित संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
