युद्धस्तर पर बचाव अभियान जारी
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के धराली, खीरगंगा और आसपास के क्षेत्रों में हाल ही में आई भारी आपदा के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन अब अपने चरम पर है। सेना, NDRF, SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमों द्वारा युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

आपदा से सबसे ज़्यादा प्रभावित धराली गांव, हर्षिल हेलीपैड के आस-पास और खीरगंगा क्षेत्र में मलबे में दबे लोगों की तलाश, घायल व्यक्तियों को सुरक्षित निकालना और जरूरी खाद्य सामग्री की आपूर्ति प्राथमिकता से की जा रही है।
50 से अधिक जवानों की विशेष टीम सेना ने मौके पर तैनात की है, जो दुर्गम इलाकों में फंसे लोगों तक पहुँच रही है। NDRF और SDRF की टीमों ने अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला है, जिनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। हेलिकॉप्टर की मदद से प्रभावित क्षेत्रों में दवाइयां, पानी और खाद्य पैकेट भेजे जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने अस्थायी राहत शिविरों की स्थापना की है, जहां लोगों को प्राथमिक उपचार और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। गंगोत्री हाईवे के धंसे हिस्से की मरम्मत का कार्य BRO और प्रशासन की देखरेख में तेज़ी से चल रहा है।

अधिकारियों का बयान
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी ने बताया कि रेस्क्यू कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। हमारी प्राथमिकता प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक सुरक्षित रूप से पहुंचना है। वहीं सेना के अफसर ने जानकारी दी कि “कई इलाके अभी भी दुर्गम हैं, लेकिन तकनीक और अनुभव के सहारे हमारी टीमें वहां पहुंचने में सक्षम हो रही हैं।
प्रशासन की जनता से अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और ज़रूरत पड़ने पर आपदा कंट्रोल रूम से संपर्क करें।
