जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने 14 जून को होने वाली UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा के लिए अधिकारियों को सुरक्षा, गोपनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नैनीताल। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को लेकर नैनीताल जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

14 जून को चार क्षेत्रों में बनाए गए 57 परीक्षा केंद्र
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जून 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए जनपद के हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल और कालाढूंगी क्षेत्रों में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे परीक्षा से पहले अपने-अपने केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करें और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें।
जैमर, CCTV और सुरक्षा व्यवस्था की होगी जांच
डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
पारदर्शिता और अनुशासन के साथ होगी परीक्षा
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, गोपनीयता और अनुशासन के साथ किया जाए ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए परिवेक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती पहले ही कर दी गई है।
कैंची धाम मेले को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए विशेष अपील
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अभ्यर्थियों से अपील की कि 14 जून को कैंची धाम (भवाली) के स्थापना दिवस समारोह के चलते कई मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। इसलिए सभी परीक्षार्थी संभावित देरी से बचने के लिए अपने परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नोडल अधिकारी परीक्षा एवं अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल और कालाढूंगी के उपजिलाधिकारी, सभी 57 परीक्षा केंद्रों के प्रबंधक, आयोग के प्रतिनिधि तथा पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। आयोग के प्रतिनिधियों ने परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए।
