Bageshwar DM
बागेश्वर।बागेश्वर जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने बुधवार सुबह जिला आपदा नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों से बारिश के कारण बंद हुई सड़कों, आवासीय भवनों को हुई क्षति तथा नियंत्रण कक्ष में प्राप्त हो रही शिकायतों की जानकारी ली।

डीएम ने कंट्रोल रूम को 24×7 एक्टिव रखने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए कि जिला स्तर एवं सभी तहसीलों के नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय अवस्था में रहें। साथ ही उन्होंने संबंधित सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके।

आपदा प्रबंधन पर ज़ोर
जिलाधिकारी भटगाई ने अधिकारियों से कहा कि जलभराव, भूस्खलन या मार्ग अवरुद्ध जैसी सूचना मिलते ही संबंधित विभाग मौके पर तुरंत पहुंचे और आवश्यक राहत एवं बहाली कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा की किसी भी स्थिति में त्वरित सूचना और राहत कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
जनता से सावधानी बरतने की अपील
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि वे मौसम को देखते हुए अत्यावश्यक न होने पर यात्रा से बचें, तथा विशेषकर नदी-नालों के पास अनावश्यक रूप से जाने से परहेज़ करें। उन्होंने सभी नागरिकों से आपदा के समय सतर्कता और सहयोग बनाए रखने की अपील की।
